महराजगंज/निचलौल। निचलौल थाना क्षेत्र में चार लोगों की जान लेने वाले भीषण डंपर हादसे के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी के पास भारी व्यावसायिक/परिवहन वाहन चलाने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। इस खुलासे के बाद हादसे को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।पुलिस के मुताबिक आरोपी राहुल कुशवाहा पुत्र संजय कुशवाहा, निवासी जंगल शाहपुर, थाना कोतवाली पडरौना, जनपद कुशीनगर है। 22 अगस्त को वह अपने पिता के साथ निचलौल थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसके ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की। जांच में लाइसेंस बड़े कमर्शियल वाहन चलाने के लिए वैध नहीं पाया गया।

तेज रफ्तार डंपर ने मचाया था मौत का तांडव

पुलिस के अनुसार डंपर संख्या UP53 JT 5551 को तेज गति और लापरवाही से चलाए जाने के दौरान हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में रवि, शनि, विवेक और रिकेश की जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में कोहराम मच गया था।

इससे पहले सामने आई रिपोर्टों के अनुसार 18 अगस्त को निचलौल-महराजगंज मार्ग पर दमकी गांव के पास डंपर की टक्कर से बाइक सवार चार युवकों की मौत हुई थी। चारों एक ही बाइक से जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

अब उठ रहा सबसे बड़ा सवाल

चार जिंदगियां छीन लेने वाले इस हादसे में चालक के पास भारी वाहन चलाने का वैध लाइसेंस नहीं होने की बात सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर बिना वैध लाइसेंस के चालक को इतना भारी वाहन चलाने की जिम्मेदारी कैसे मिली? पुलिस अब हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।निचलौल पुलिस ने आरोपी राहुल कुशवाहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *