प्रवेश-निकासी के अलग मार्ग, सुव्यवस्थित पार्किंग और आपातकालीन निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

हाथरस, 22 अगस्त 2026। आगामी माह से प्रारंभ होने वाले श्री दाऊजी महाराज राजकीय मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ मेला परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने ले-आउट प्लान के माध्यम से व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रवेश एवं निकासी के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने, पार्किंग को सुव्यवस्थित करने तथा वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की त्वरित एवं सुरक्षित निकासी के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित करने तथा उनका पूर्व परीक्षण कराने को भी कहा।

उन्होंने मेला परिसर में साफ-सफाई, जल निकासी, स्थायी इंटरलॉकिंग, विद्युत पोलों को सुरक्षा की दृष्टि से कवर करने तथा पर्याप्त संख्या में वॉच टावर स्थापित करने के निर्देश दिए। दुकानों और झूलों के लिए अलग-अलग क्षेत्र निर्धारित करने को कहा, जिससे भीड़ नियंत्रण एवं आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्री दाऊजी महाराज का मेला राजकीय एवं ऐतिहासिक-धार्मिक महत्व का है। इसलिए ऐसी स्थायी एवं बहुउपयोगी व्यवस्थाएं विकसित की जाएं, जिनका आगामी वर्षों में भी उपयोग हो सके। इससे मेले की व्यवस्थाएं मजबूत होने के साथ-साथ हर वर्ष होने वाले आवर्ती व्यय में भी कमी आएगी।

उन्होंने मेला परिसर में स्थापित किए जाने वाले कंट्रोल रूम को प्रभावी ढंग से संचालित करने, पूरे परिसर की गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की विभागवार समीक्षा कर सभी कार्य समय से पूर्ण कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मेले की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा साफ किए गए स्थानों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मेले की भव्यता के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वि./रा., अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर राजा पाठक

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *