बरेली, 22 अगस्त। नकटिया नदी को स्वच्छ एवं पुनर्जीवित करने के अभियान को लेकर बरेली छावनी परिषद की CEO डॉ. तनु जैन ने शनिवार रात नदी के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। निरीक्षण से पहले उन्होंने धोपा मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और नकटिया नदी को स्वच्छ, स्वस्थ एवं जीवंत जलधारा के रूप में पुनर्स्थापित करने का संकल्प दोहराया।
रात्रि निरीक्षण के दौरान CEO ने नदी में चल रहे सफाई अभियान, कचरा हटाने, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट की सफाई तथा नदी किनारों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नदी के प्रवाह और जलधारा की समग्र स्थिति में सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की।

डॉ. तनु जैन ने फील्ड टीमों को निर्देश दिए कि चिन्हित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और नियमित रूप से सफाई कराई जाए। उन्होंने नदी किनारे दोबारा कचरा डंप होने से रोकने के लिए प्रभावी निगरानी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
CEO ने कहा कि “नकटिया नदी केवल पानी की धारा नहीं है, बल्कि यह बरेली की प्राकृतिक विरासत का हिस्सा है। इसके पुनर्जीवन के लिए निरंतर स्वच्छता, जल संरक्षण, पौधरोपण, वैज्ञानिक उपायों और जनभागीदारी की आवश्यकता है।”
उन्होंने कहा कि नकटिया नदी को स्वच्छ, प्लास्टिक मुक्त और पुनर्जीवित बनाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान में स्थानीय लोगों और विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ दीर्घकालिक पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
धोपा मंदिर के दर्शन और आशीर्वाद के साथ नकटिया नदी के पुनर्जीवन का संकल्प और मजबूत हुआ है। प्रशासन एवं संबंधित टीमें नदी को स्वच्छ और जीवंत बनाने के प्रयासों में लगातार जुटी हुई हैं।
MD न्यूज़ से संवाददाता जितेंद्र कुमार गौतम की रिपोर्ट
![]()
