जिला लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ में मंगल मंदिर परिसर में नगरीय पेयजल योजना के तहत लगाया गया शुद्ध शीतल पेयजल (वाटर फ्रीजर/कूलर) पिछले 10 दिनों से खराब पड़ा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कल रात वाटर फ्रीजर से पानी वाली टोटी भी गायब हो गई। इस भीषण गर्मी में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों को शुद्ध ठंडे पानी के लिए भटकना पड़ रहा है, जबकि लाखों की लागत से लगा यह प्याऊ शोपीस बना हुआ है।

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि कई बार नगर पालिका गोला को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया, न ही कोई कर्मचारी मौके पर आया।

पिंजरे में बंद इस वाटर कूलर पर लिखा है “बूंद-बूंद की है शान, इसी से चलता हिंदुस्तान” लेकिन हकीकत में यहां बूंद भर पानी भी नसीब नहीं हो रहा।

नगरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द वाटर कूलर को ठीक कराया जाए और गायब टोटी लगवाकर इसे चालू किया जाए, ताकि जनसेवा हेतु समर्पित इस योजना का लाभ लोगों को मिल सके।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *