
पाणिनी कन्या विद्यालय की छात्राओं ने रोटरी सदस्यों को बांधी राखी
वाराणसी। रोटरी क्लब वाराणसी गंगा की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महमूरगंज स्थित पाणिनी कन्या विद्यालय में गुरुकुल की छात्राओं के साथ रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ मनाया गया। विद्यालय की छात्राओं ने रोटरी सदस्यों की कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद रोटरी सदस्यों ने सभी 180 छात्राओं को मिठाई एवं नमकीन वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निर्वाचित गवर्नर रो. दिनेश गर्ग ने कहा कि रोटरी का मूल उद्देश्य समाज सेवा और सभी वर्गों के लिए कार्य करना है। पाणिनी कन्या विद्यालय में छात्राओं को गुरुकुल परंपरा के साथ संस्कृत, भारतीय संस्कृति एवं संस्कार आधारित शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने विद्यालय के लिए जनरेटर की व्यवस्था में सहयोग का आश्वासन भी दिया।
रोटरी क्लब के चार्टर अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने बताया कि विद्यालय में देश के विभिन्न प्रांतों से आए करीब 180 बच्चों को गुरुकुल पद्धति के माध्यम से शिक्षा एवं संस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी आगे चलकर विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर आसीन होकर समाज में अपना योगदान देते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण से हुआ। इस दौरान छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। सभा संचालिका शालिनी साह ने रक्षाबंधन पर्व की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यालय की प्राचार्या बड़ी दीदी ने पाणिनी कन्या विद्यालय के संचालन एवं किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि रो. दिनेश गर्ग, विद्यालय की संचालिका बड़ी दीदी एवं छोटी दीदी को अंगवस्त्रम एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। क्लब अध्यक्ष शशांक अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के संयोजक धर्मेंद्र गोयल, सुधीर जायसवाल, लक्ष्मीकांत झा, निर्वाचित अध्यक्ष रितेश कुमार, कोषाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, दीपक माली, प्रदीप कुमार, पीयूष साह एवं जय किशन खत्री ने आयोजन में उल्लेखनीय योगदान दिया। धन्यवाद ज्ञापन सचिव प्रदीप वर्मा ने किया।
