परिजनों के धरना प्रदर्शन के बाद प्रबंधक और प्रधानाचार्य पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा
MD NEWS बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट शाहनूर आलम जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर
फतेहपुर। सरस्वती बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र तेजस द्विवेदी की मौत के मामले में शुक्रवार रात कोतवाली परिसर में हंगामा हो गया। परिजनों के धरना-प्रदर्शन के बाद पुलिस ने स्कूल प्रबंधक राकेश त्रिवेदी और प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की। रात करीब 11 बजे FIR की कॉपी मिलने के बाद परिजन शांत हुए।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन एसपी आवास के पास रहने वाले दिलीप द्विवेदी का बेटा तेजस (17) कक्षा 12वीं का छात्र था। बुधवार को त्रैमासिक परीक्षा में नकल के आरोप में कॉलेज प्रशासन ने उसकी पिटाई की, 1500 रुपये जुर्माना लगाया और रिस्ट्रिक्शन कर घर भेज दिया था। छात्र दोपहर 2 बजे सौरा औद्योगिक क्षेत्र में पानी की टंकी के पास बेसुध मिला था, उसकी साइकिल 20-25 मीटर दूर सुरक्षित खड़ी थी। बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।
शुक्रवार को तेजस की मां नीलम द्विवेदी परिजनों के साथ सदर कोतवाली पहुंची। आरोप लगाया कि दोपहर में ही तहरीर दी गई थी, लेकिन शाम तक कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस से तीखी झड़प के बाद परिजन कोतवाली परिसर में ही धरने पर बैठ गए और कहा कि जब तक FIR दर्ज नहीं होगी, वह नहीं हटेंगे। मां की तहरीर पर प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


