
बाढ़ पीड़ितों की सेवा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता, म्याऊं विकास खंड के ग्राम सिमरिया दैन्दू में विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने वितरित किए राहत सामग्री पैकेट
रिपोर्टर प्रदीप पांडेय बदायूं
जनपद बदायूं के दातागंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकास खंड म्याऊं के बाढ़ प्रभावित ग्राम सिमरिया दैन्दू में राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ ‘बब्बू भैया’ ने प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ उपस्थित होकर प्रभावित ग्रामीणों को राहत सामग्री किट का वितरण किया।इस राहत किट में मुख्य रूप से आटा, चावल, दालें, तेल, आलू, तिरपाल और बाल्टी सहित दैनिक उपयोग में आने वाली अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल रहीं।

इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ हर प्रभावित नागरिक के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा के अनुरूप किसी भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राशन, दवा अथवा अन्य आवश्यक सुविधाओं की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव और कटान से हुए नुकसान का पारदर्शी सर्वे कराकर शीघ्र राहत व सहायता उपलब्ध कराई जाए।इस अवसर पर मुख्य रूप से उपजिलाधिकारी दातागंज, क्षेत्राधिकारी दातागंज, संबंधित लेखपाल, कानूनगो एवं अन्य राजस्व के अधिकारीगण, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
