
MD NEWS बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट शाहनूर आलम जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर
फतेहपुर : आज दिनांक 29.08.2026 को इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के तत्वावधान में स्वाइन फ्लू से बचाव एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के क्रम में इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश के चेयरमैन एवं कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव द्वारा एसपी को जनपद के पुलिसकर्मियों के उपयोग हेतु 2000 मास्क प्रदान किए गए। इस अवसर पर डॉ. अनुराग श्रीवास्तव द्वारा बताया गया कि बदलते मौसम एवं वातावरण में बढ़ी उमस के कारण इन दिनों जुकाम, खांसी,छींक एवं बुखार जैसी समस्याएं सामान्य रूप से बढ़ जाती हैं। यदि उक्त लक्षण लगातार बने रहें तो यह फ्लू के लक्षण हो सकते हैं। स्वाइन फ्लू एच1एन1 वायरस के संक्रमण से होता है। उन्होंने स्वाइन फ्लू से बचाव के संबंध में आवश्यक सावधानियां अपनाने के लिए जागरूक किया।
जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करने, नियमित रूप से हाथ धोने, खांसी, सर्दी-जुकाम अथवा छींक आने पर मुंह को रुमाल से ढकने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने तथा अनावश्यक रूप से लोगों से हाथ मिलाने से बचने के संबंध में जानकारी दी गई।
