महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा बैदौली में नेपाल में हुई भीषण त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति एवं पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए मंगलवार, 01 सितंबर 2026 को भावपूर्ण प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन चंद्रेश शास्त्री (सामाजिक कार्यकर्ता) के नेतृत्व में किया गया।

प्रार्थना सभा में नेपाल त्रासदी में मृत लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने मोमबत्ती जलाकर दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर माहौल बेहद भावुक रहा।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि नेपाल में हुई त्रासदी ने सीमावर्ती क्षेत्र सहित पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। इस दुख की घड़ी में मृतकों के परिवारों के साथ संवेदना व्यक्त करना और पीड़ितों के प्रति एकजुटता दिखाना मानवता का दायित्व है।

सभा के दौरान कवि एवं साहित्यकारों ने अपनी संवेदनाओं के माध्यम से दिवंगत लोगों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी आपदा में होने वाली जनहानि अपूरणीय होती है। मृतकों के परिजनों के दुख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है, लेकिन समाज की सामूहिक संवेदना उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान कर सकती है।

प्रार्थना सभा में उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा नेपाल त्रासदी से प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय से उबरने की शक्ति मिलने की कामना की।अंत में सभी ने मृतकों को नमन करते हुए कहा कि मानवीय संवेदना, एकजुटता और आपसी सहयोग ही किसी भी त्रासदी के समय समाज की सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यक्रम में क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं कवियों की मौजूदगी रही। श्रद्धांजलि सभा में छेदी लाल शर्मा (पूर्व सैनिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता), पूनम सिंह (आशा कार्यकर्ती, ग्राम बैदौली), अंजू सिंह (स्वयं सहायता समूह अध्यक्ष, ग्राम बैदौली), धीरज वर्मा (कवि एवं साहित्यकार), सर्वदानंद गुप्ता (शिक्षक), आशुतोष आनंद (शिक्षक), चंद्रेश शास्त्री जी (सामाजिक कार्यकर्ता),खालिद (मदरसा अरबिया अजीजिया उलूम निचलौल), विजय तिवारी, विपिन सिंह तथा धर्मेंद्र कसौधन (शिक्षक एवं पत्रकार) सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *