
रिपोर्ट शाहनूर आलम जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर
MD NEWS बहुआयामी समाचार
फतेहपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को इंडियन रेडक्रास सोसाइटी फतेहपुर के तत्वावधान एवं डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश के चेयरमैन एवं कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने पांच सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बलराम मिश्रा (एएस इंटर कॉलेज), इच्छाराम सिंह एवं ज्ञान सिंह (राजकीय इंटर कॉलेज), दिनेश श्रीवास्तव (स्वर्गीय डॉ. सत्यनारायण भारती विद्यालय हायर सेकेंडरी स्कूल, अरबपुर) तथा श्रीमती मंजू मिश्रा (श्री निरंकारी बालिका इंटर कॉलेज) को माल्यार्पण कर शाल एवं प्रतीक चिह्न भेंट किया। इस दौरान डॉ. अनुराग ने शिक्षकों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की मंगलकामना की।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण की मजबूत नींव होते हैं। उनके ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से पीढ़ियां आगे बढ़ती हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षकों का अनुभव समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना रहता है।
इस अवसर पर इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के संरक्षक महेंद्र शुक्ल एवं आजीवन सदस्य अमित गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
