एमडी न्यूज गोण्डा ब्यूरों

गोण्डा- करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए सोनी गुमटी फ्लाईओवर का एप्रोच मार्ग महज एक साल के भीतर ही बदहाल होने लगा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करोड़ों की परियोजना में सड़क की यह स्थिति निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
गोंडा-उतरौला मार्ग पर स्थित सोनी गुमटी फ्लाईओवर का निर्माण करीब 79 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से कराया गया था। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि उन्हें जाम और आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी, लेकिन एप्रोच मार्ग की खराब हालत ने राह आसान करने के बजाय नई मुश्किल खड़ी कर दी है।
एक साल में ही उखड़ने लगी सड़क
स्थानीय लोगों के मुताबिक फ्लाईओवर पर आवागमन शुरू हुए अभी करीब एक वर्ष ही हुआ है, लेकिन एप्रोच मार्ग पर जगह-जगह सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई है। कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन चुके हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
फ्लाईओवर से उतरते ही एप्रोच मार्ग की खराब स्थिति वाहन चालकों के लिए सबसे बड़ी परेशानी बनी हुई है। खासकर दोपहिया वाहन चालक और साइकिल सवार इन गड्ढों के कारण जोखिम उठाकर गुजरने को मजबूर हैं।
