नहर में 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप, इलाके में सनसनी—फोरेंसिक टीम ने खंगाला घटनास्थलदो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा शव, मौत के रहस्य से उठे सवाल; पहचान में जुटी पुलिस फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के बरुहा गांव के पास बुधवार को नहर में करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। नहर में शव पड़े होने की खबर आग की तरह फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। शव दो से तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।ग्रामीणों ने नहर में शव देखा तो तत्काल ललौली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और मौत के कारणों की गुत्थी सुलझाने के लिए जांच शुरू कर दी।पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव पानी के तेज बहाव के साथ बहकर बरुहा गांव तक पहुंचा होगा। हालांकि मृतक कौन है, उसकी मौत कैसे हुई और वह नहर तक किन परिस्थितियों में पहुंचा—इन सवालों का जवाब फिलहाल रहस्य बना हुआ है।पुलिस अब आसपास के थानों और जिलों में गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी खंगालते हुए मृतक की पहचान कराने में जुट गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

