
रिपोर्ट संजीव कुमार
MD NEWS बहुआयामी समाचार
हाथरस। यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने गुरुवार को 600 ई-रिक्शाओं के सत्यापन अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के तहत ई-रिक्शा चालकों एवं वाहन स्वामियों की पहचान, मोबाइल नंबर, पता तथा वाहन से संबंधित आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन किया जा रहा है। वाहन पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, फिटनेस सहित अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी।
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक सत्यापित ई-रिक्शा को विशिष्ट पहचान के साथ यूनिक QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा। QR कोड के माध्यम से आवश्यकता पड़ने पर वाहन एवं चालक की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी। दुर्घटना, शिकायत, आपात स्थिति अथवा जांच के दौरान इससे संबंधित वाहन और चालक की पहचान करने में पुलिस को मदद मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक ने ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित मार्ग एवं स्टैंड व्यवस्था के अनुसार वाहन चलाने, ओवरलोडिंग से बचने तथा आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
अभियान के दौरान नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा संचालन पर रोक, अवैध संचालन और ओवरलोडिंग के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई तथा सत्यापित ई-रिक्शाओं का डिजिटल डाटाबेस तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस के अनुसार अभियान चरणबद्ध रूप से चलाकर अधिक से अधिक ई-रिक्शाओं एवं चालकों का सत्यापन कराया जाएगा।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाह, क्षेत्राधिकारी नगर हिमांशु माथुर, प्रभारी निरीक्षक यातायात अनूप कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं ई-रिक्शा चालक मौजूद रहे।
हाथरस से संजीव कुमार तेनगुरिया की रिपोर्ट
