सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के साथ युवा, महिला, किसान एवं वंचित वर्ग को आत्मनिर्भरता से जोड़ने का दिया संदेशहाथरस, 26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत मेला श्री दाऊजी महाराज परिसर में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का शनिवार को जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन, विकास, आत्मनिर्भरता तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए किए जा रहे कार्यों को चित्रों और संदेशों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।प्रदर्शनी का शुभारंभ सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर एवं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति अंजुला सिंह माहौर, विधायक सादाबाद वीरेंद्र सिंह राणा, जिलाध्यक्ष प्रेमसिंह कुशवाह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह आचार्य, जिला उपाध्यक्ष रजत चौधरी तथा जिला प्रभारी अनिल चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों और प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन किया।सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं निरंतर सेवा के 25 वर्षों के दौरान जनकल्याण, सुशासन, सेवा और विकास के क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण कार्यों एवं उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना है। साथ ही नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना भी प्रदर्शनी का प्रमुख उद्देश्य है।विधायक अंजुला सिंह माहौर एवं विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि प्रदर्शनी में “सेवा से समृद्धि की ओर” की अवधारणा को केंद्र में रखते हुए युवा, महिला, किसान एवं वंचित वर्ग को आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों को सरल एवं आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी में जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतिगत सुधारों, आत्मनिर्भरता और विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां चित्रों एवं संदेशों के माध्यम से प्रदर्शित की गई हैं।जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदर्शनी में युवाओं को आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्र निर्माण, महिलाओं को सशक्तिकरण, किसानों को कृषि एवं आत्मनिर्भरता तथा वंचित वर्ग को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता दी गई है। देश और प्रदेश में हुए विभिन्न विकास कार्यों एवं बदलावों की झलक भी प्रदर्शनी में देखने को मिल रही है।जनप्रतिनिधियों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे दाऊजी मेला परिसर में स्थापित इस प्रदर्शनी का अवलोकन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यों और देश के विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी आमजन को सहज रूप से प्राप्त हो सकती है।जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के माध्यम से सूचना विभाग हाथरस के तत्वावधान में 22 सितंबर 2026 से मेला श्री दाऊजी महाराज परिसर में प्रदर्शनी स्थापित की गई है। प्रदर्शनी का आमजन द्वारा अवलोकन किया जा रहा है तथा प्रचार साहित्य का भी वितरण कराया जा रहा है।

रिपोर्ट राजा पाठक

1 view

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *