गोला गोकर्णनाथ में सड़क पर घायल पड़ा था गोवंश, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अनूप गुप्ता
गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर खीरी। खुटार रोड स्थित फूल बाबा आश्रम के पास बीती रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक गोवंशीय पशु घायल हो गया। पूरी रात हुई बारिश के बीच घायल गोवंश सड़क के बीचों-बीच तड़पता रहा। सुबह स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने घायल गोवंश को सड़क किनारे पहुंचाया और बारिश से बचाने के लिए छाया की व्यवस्था की।स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी भारतीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता को दी। सूचना मिलते ही अनूप गुप्ता बरसात के बीच मौके पर पहुंचे और पशु चिकित्सा विभाग के चिकित्सक को बुलाकर घायल गोवंश का उपचार कराया।इसके बाद उन्होंने नगर पालिका के खाद्य एवं सफाई निरीक्षक संदीप वर्मा से घायल गोवंश को सुरक्षित गौशाला पहुंचाने की बात कही। अनूप गुप्ता ने कहा कि गौशाला में घायल गोवंश को बारिश से बचने के लिए छाया मिल सकेगी और वहां दोबारा उपचार कराकर उसे स्वस्थ कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।अनूप गुप्ता ने मुख्य विकास अधिकारी से मांग की कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे आवारा गोवंश को अभियान चलाकर पकड़वाया जाए तथा उन्हें सुरक्षित गौशालाओं में पहुंचाया जाए। उन्होंने गौशालाओं में गोवंश के लिए भोजन, पानी और छाया की उचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने की भी मांग की।उन्होंने कहा कि ब्लॉक और नगर पालिका क्षेत्र में संचालित गौशालाओं में गोवंश को समय से नहीं पहुंचाए जाने के कारण जगह-जगह सड़कों और चौराहों पर गोवंश झुंड के रूप में बैठे रहते हैं। इससे आए दिन सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और कई बार इंसानों के साथ-साथ गोवंश की जान भी जोखिम में पड़ जाती है।जिला अध्यक्ष ने नगर पालिका और ब्लॉक स्तर के जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गोवंश संरक्षण को लेकर प्रभावी अभियान चलाए जाने की मांग की
।रिपोर्टर — विजय कुमार

