हाथरस, 26 सितंबर 2026 (सू0वि0)। सेवा संकल्प अभियान के तहत बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल, हाथरस में माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। स्कूल प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने अतिथियों का बुके एवं पौध भेंटकर स्वागत किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों एवं चित्रों का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता की सराहना की।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, पेंटिंग, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।‘हम भारत के लोग’ से लेकर व्यक्ति की गरिमा तक, DM ने समझाया सेवा का महत्वजिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प का अर्थ राष्ट्र और समाज के प्रति सेवा का संकल्प लेना है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता और जिम्मेदारी के अनुसार राष्ट्र की सेवा कर सकता है।उन्होंने विद्यार्थियों के भाषण एवं चित्रों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने अपने विचारों के माध्यम से यह बताया है कि वे भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश लोगों से बनता है और संविधान की प्रस्तावना में भी ‘हम भारत के लोग’ का उल्लेख है।जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण भी राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी, स्वच्छता तथा गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग रखना जैसे छोटे प्रयास समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान हैं।उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षक ज्ञान देकर देश की अगली पीढ़ी का निर्माण करते हैं, जबकि विद्यार्थियों का मेहनत और लगन से पढ़ाई करना तथा अपने क्षेत्र में सफलता हासिल कर देश के विकास में योगदान देना भी राष्ट्र सेवा है।उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम करने, मन लगाकर पढ़ाई करने, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने तथा प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा का सम्मान करने का आह्वान किया।SP ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन का दिया संदेशपुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि जीवन में कोई भी उपलब्धि एक दिन में हासिल नहीं होती। इसके लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता के साथ शिक्षकों का सम्मान करने की अपील की।उन्होंने विद्यार्थियों की तैयारियों एवं प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी तैयारी का परिचय दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश-दुनिया को समझने और अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।30 सितंबर को ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिताएं, 7 अक्टूबर को निकलेगी रैलीमुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया कि 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को विकासखंड स्तर पर प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन जनपद स्तर के लिए किया जाएगा।उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को साइकिल, बाइक एवं पैदल रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली बस स्टैंड पर पहुंचकर एक साथ सम्मिलित होगी, जहां प्रधानमंत्री का संबोधन सुना जाएगा तथा सेवा ज्योति कलश की स्थापना की जाएगी।उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को जनपद स्तर के कार्यक्रम में विद्यार्थियों की चित्रकला एवं अन्य रचनात्मक कार्यों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शिक्षक का कार्य केवल बच्चों को उत्तर बताना नहीं, बल्कि उनमें जिज्ञासा पैदा कर स्वयं सीखने के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सहभागिता की सराहना करते हुए आगामी कार्यक्रमों में भी उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
रिपोर्ट राजा पाठक

