एक ही हादसे में उजड़ गया पूरा परिवार, छह वर्षीय मासूम समेत तीन की दर्दनाक मौत से गांव में मचा कोहराम
रिपोर्ट: मोहम्मद अशफाक **लखीमपुर खीरी।**
जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। नीमगांव क्षेत्र के रहमतपुर गांव में रविवार रात बारिश के दौरान एक कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबकर पति-पत्नी और उनके छह वर्षीय मासूम बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया।जानकारी के अनुसार, रहमतपुर गांव निवासी 60 वर्षीय मोहन कश्यप पुत्र साधू कश्यप अपनी पत्नी कविता कश्यप और छह वर्षीय बेटे अनिल कश्यप के साथ घर में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि पिछले करीब 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की कच्ची दीवार कमजोर हो गई थी। रविवार रात अचानक दीवार भरभराकर गिर पड़ी और परिवार के तीनों सदस्य मलबे में दब गए।हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मोहन कश्यप, कविता कश्यप और मासूम अनिल कश्यप की मौत हो चुकी थी।बताया जा रहा है कि परिवार का दूसरा बेटा हादसे के समय ननिहाल में मौजूद था, जिसके चलते वह इस दर्दनाक हादसे की चपेट में आने से बच गया।एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे ने एक परिवार को पल भर में उजाड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। अधिकारियों की ओर से हादसे के कारणों और पीड़ित परिवार को मिलने वाली सरकारी सहायता को लेकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई जारी है।

