
मेरठ। खरखौदा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 27 वर्षीय युवक का एक दिन पहले ही निकाह हुआ था। परिवार में शादी की खुशियां अभी पूरी तरह थमी भी नहीं थीं कि करीब 12 घंटे बाद युवक का शव बाग में पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि आज सुबह एक युवक बाग की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर पेड़ से लटके युवक के शव पर पड़ी। शव देखते ही उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खरखौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शादी के कुछ ही घंटों बाद युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पुलिस के अनुसार युवक की मौत के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
