
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विकासखंड फूलबेहड़ क्षेत्र के सांडा स्थित आसिता मैरिज लॉन में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 83 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इस दौरान नवविवाहित जोड़ों को उपहार एवं आवश्यक सामग्री वितरित की गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मंजू त्यागी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख विश्वनाथ सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा खंड विकास अधिकारी फूलबेहड़ सुमित कुमार, जिला कल्याण अधिकारी वंदना सिंह, मुख्य विकास अधिकारी योगानंद तथा जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी से जुड़ी आवश्यक सामग्री और खानपान की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं का भी इंतजाम किया गया था। स्वास्थ्य शिविर में डॉ. इरफान अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह संपन्न कराकर उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करना तथा सामाजिक सुरक्षा और संबल देना है।
