व्यापारियों के मुद्दे पर भाजपा के विरोध की चेतावनी

वाराणसी दक्षिणी सीट पर 2027 में विरोध करने की बात कही, स्वर्णकार समाज की नई कार्यकारिणी घोषित
वाराणसी। सर्राफा व्यापारियों की समस्याओं और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सोनार नरहरी सेना एवं स्वर्णकार समाज ने नाराजगी जताई। रविवार, 11 अक्टूबर को मैदागिन में आयोजित बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और समस्याओं के समाधान पर चर्चा हुई। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर 2027 के विधानसभा चुनाव में वाराणसी दक्षिणी सीट पर भाजपा का विरोध किया जाएगा।
सोनार नरहरी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि व्यापारियों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि वाराणसी दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में स्वर्णकार समाज के करीब 30 से 32 हजार मतदाता हैं, जो चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर अपने हितों की रक्षा करने का आह्वान किया।
बैठक में समाज के पुरोधा स्वर्गीय मोतीलाल सेठ की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही स्वर्णकार समाज की नई कार्यकारिणी घोषित की गई। इसमें मुरलीधर सेठ और धर्मेंद्र कुमार वर्मा को संरक्षक, दिनेश कुमार सेठ को अध्यक्ष, मनोज सिंह स्वर्णकार को महामंत्री तथा संजय कुमार सेठ (संजू) को कोषाध्यक्ष बनाया गया।
बैठक में सुनील कुमार वर्मा, अमित कुमार सर्राफ, डॉ. शशि सेठ, बांसी राय सोनी, कुंवर प्रताप सोनी, श्यामजी सेठ, अमित सेठ, नवनीत सेठ, राहुल सेठ और विजय सेठ सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
