
फसल क्षति मुआवजे को लेकर विधायक राजीव कुमार सिंह बब्बू भैया हुए सख्त, छूटे किसानों के फॉर्म भरने के निर्देश
रिपोर्टर प्रदीप पांडेय बदायूं
जनपद बदायूं दातागंज-तहसील के सभागार दातागंज में भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह (बब्बू भैया) की अध्यक्षता में राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ फसल क्षति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लगातार बारिश और दैवीय आपदा से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में उप जिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह, तहसीलदार दयाचन्द्र पौरुष, नायब तहसीलदार, कानूनगो और क्षेत्र के सभी लेखपाल मौजूद रहे।समीक्षा के दौरान विधायक ने अधिकारियों से फसल क्षति के मुआवजे के लिए भरे गए प्रपत्रों की जानकारी ली।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिन किसानों के सहायता फॉर्म किसी कारणवश अब तक नहीं भर पाए हैं, उनके फॉर्म विशेष अभियान चलाकर अगले दो दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से भरवाए जाएं। साथ ही सभी पात्र किसानों के फॉर्म संबंधित पोर्टल पर समय से अपलोड कराना सुनिश्चित किया जाए।विधायक ने कहा कि फसल नुकसान झेल रहे प्रत्येक पात्र किसान तक सरकारी सहायता पहुंचाना प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने राजस्व विभाग की टीम को युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसानों के मुआवजे से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
