
रिपोर्ट इमरान मलिक की खबर
एम डी न्यूज़
हाथरस। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित के साथ इगलास रोड स्थित गांव बीछिया में निर्माणाधीन नवीन जिला कारागार का स्थलीय निरीक्षण किया। 1026 कैदियों की क्षमता वाले जिला कारागार का निर्माण कार्य अब तक 78 प्रतिशत पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माणाधीन कारागार के अवशेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। इसके लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि परियोजना को समय से पूर्ण किया जा सके। उन्होंने विद्युत लाइन शिफ्टिंग सहित निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शेष कार्यों को पूरा करने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
