
सिंगाही खीरी। खैरीगढ़ ग्राम स्थित छोटे शिव मंदिर में प्रथम दिन में15वें नवदुर्गा जागरण का आयोजन बड़े ही धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में किया गया। माता रानी की भक्ति में डूबे इस आयोजन में दूर-दराज से आए सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ सीतापुर से आई जागरण पार्टी ने भगवान श्री गणेश की आरती एवं वंदना के साथ किया। इसके बाद भगवान श्रीहरि विष्णु की पंचमुखी झांकी सहित अनेक मनमोहक धार्मिक झांकियां प्रस्तुत की गईं। आकर्षक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
जागरण में प्रस्तुत कठपुतली नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ माता रानी के जागरण का आनंद लिया। धार्मिक आस्था, भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण यह आयोजन क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना रहा।
