एम डी न्यूज़ बहुआयामी समाचार

हाथरस। मिशन शक्ति फेज-6.0 के द्वितीय चरण के तहत बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण को समर्पित भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक एवं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति अंजुला सिंह माहौर ने की।
कार्यक्रम में विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिसकर्मियों, शिक्षिकाओं, चिकित्सकों, खिलाड़ियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, महिला सफाई कर्मियों और छात्राओं को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि बेटियों को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने महिला सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि महिलाओं को सम्मान और समान अवसर देकर ही सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने महिला सुरक्षा को पुलिस की प्राथमिकता बताते हुए महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की बात कही।
कार्यक्रम में सेठ हरचरण दास गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और बालिका सुरक्षा पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। जीजीआईसी की छात्राओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संदेश पर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पुलिस लाइन परिसर में अशोक का पौधा रोपित किया। इस दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, 181 और आपातकालीन सेवा 112 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।

1 view

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *