
अंतर-संकाय खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न, विजेता टीमों को मिला पुरस्कार
गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से 14 अक्टूबर को अंतर-संकाय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभाग किया। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के अपर महाधिवक्ता अजीत कुमार सिंह ने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ अनुशासन, एकता और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। प्राचार्य प्रो. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथि, शिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।
आयोजन में शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रो. वीरेन्द्र कुमार सिंह, प्रो. सुजीत कुमार सिंह, डॉ. अमृता सिंह, डॉ. मिथिलेश सिंह, प्रो. संजय चतुर्वेदी, डॉ. मनोज कुमार मिश्र और डॉ. अतुल कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
