
मिशन नारी शक्ति अभियान 6.0: रत्न प्रिया सिंह बनीं एक दिन की प्रधानाचार्य
महाबोधि इंटर कॉलेज में छात्रा को सौंपी गई नेतृत्व की जिम्मेदारी, छात्राओं को मिला आगे बढ़ने का संदेश
वाराणसी। सारनाथ स्थित महाबोधि इंटर कॉलेज में मिशन नारी शक्ति अभियान 6.0 के तहत छात्राओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने के उद्देश्य से प्रेरणादायक पहल की गई। विद्यालय की कक्षा 12वीं की मेधावी छात्रा रत्न प्रिया सिंह को एक दिन के लिए प्रधानाचार्य का कार्यभार सौंपा गया।
इस दौरान रत्न प्रिया सिंह ने प्रधानाचार्य कक्ष में बैठकर विद्यालय की प्रशासनिक गतिविधियों को समझा। उन्होंने शिक्षकों के साथ बैठक की, विद्यार्थियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य, उप-प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि मिशन नारी शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। इस तरह की पहल छात्राओं को भविष्य में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए तैयार करती है। साथ ही, यह सशक्त नारी और समृद्ध भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल से विद्यालय की अन्य छात्राओं को भी आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।
