
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 5 ई-रिक्शा सीज ई-रिक्शा में सवार बच्चों को सुरक्षित निजी वाहनों से पहुंचाया स्कूल, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी होगी कार्यवाही
रिपोर्टर प्रदीप पांडेय बदायूं
बदायूं। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने गुरुवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन कर बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने में इस्तेमाल किए जा रहे पांच ई-रिक्शा को सीज कर दिया गया। कार्यवाही के दौरान ई-रिक्शा में सवार बच्चों को सुरक्षित निजी वाहनों से उनके स्कूलों तक पहुंचाया गया।शासन के निर्देशों और जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों के आवागमन को सुरक्षित बनाना और अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों पर अंकुश लगाना है।

अभियान के तहत विद्यालयों में बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पांच ई-रिक्शा के खिलाफ सीज करने की कार्यवाही की गई।परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके मद्देनजर विद्यालयों के आसपास संचालित वाहनों की जांच की जा रही है। नियमों के विपरीत बच्चों का परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्यवाही जारी रहेगी।

नियमों के अनुसार ही वाहनों का करें इस्तेमालसहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने के लिए स्कूली वाहन नियमावली-2019 के अनुरूप सुरक्षित और नियमानुसार संचालित वाहनों का ही इस्तेमाल करें। विद्यालय प्रबंधक यह भी सुनिश्चित करें कि बच्चों के परिवहन में लगाए गए वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे हों और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा हो।परिवहन विभाग ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित वाहन का चयन करना सभी की जिम्मेदारी है।
