ससुराल जाते समय पेट्रोल पंप के पास हुए हादसे में पिता-पुत्र हुए थे घायल
दर्शननगर मेडिकल कॉलेज में चल रहा घायल बेटे का इलाज
अनिल यादव मवई अयोध्या
एम डी न्यूज
अयोध्या। बाबा बाजार थाना क्षेत्र में देर शाम नीलगाय की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी रुदौली से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान बुधवार सुबह पिता की मौत हो गई, जबकि घायल बेटे का उपचार जारी है।
बाबाबाजार थाना क्षेत्र के मत्था नेवादा गांव निवासी बेचू रावत (45) अपने 18 वर्षीय बेटे मोहित के साथ मंगलवार देर शाम बाइक से ससुराल जा रहे थे। रास्ते में पेट्रोल पंप के पास अचानक नीलगाय की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली ले जाया गया।

चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया। वहां बुधवार सुबह इलाज के दौरान बेचू रावत ने दम तोड़ दिया। मोहित का उपचार चल रहा है।मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि सूचना मिली है नीलगाय से टकराने के कारण दो युवक घायल हो गए थे।मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक इस संबंध में थाने पर कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
