वाराणसी से संवादाता सहायक ब्यूरो सलीम जावेद अंसारी
वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने अपराध नियंत्रण, विवेचना की गुणवत्ता, यातायात प्रबंधन और आगामी महत्वपूर्ण आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक देरी और पर्यवेक्षण में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चूक पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
डिजिटल पुलिसिंग और अपराधियों पर निगरानी: पुलिस आयुक्त ने गाण्डीव, सहयोग, समन्वय एवं प्रतिबिम्ब पोर्टल तथा यक्ष एप का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और वात्सल्य पोर्टल पर आवश्यक विवरण पूर्ण रूप से दर्ज करने को कहा। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के प्रावधानों का भी विधिसम्मत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गुमशुदा बच्चों की बरामदगी और विवेचना में तेजी: गुमशुदा बच्चों की बरामदगी में शिथिलता पर नाराजगी जताते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही 60 एवं 90 दिनों की निर्धारित समयसीमा में विवेचनाओं का निस्तारण, प्रथम दिन से पर्यवेक्षण और ई-साक्ष्य पोर्टल पर साक्ष्यों का नियमानुसार अंकन सुनिश्चित करने को कहा। लूट और चेन स्नेचिंग के लंबित मामलों का भी शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर: प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा जाम लगने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रूट मार्शल और चौकी प्रभारियों को यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
चाइनीज मांझे और अवैध पटाखों पर कार्रवाई: चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण, वितरण और निर्माण से जुड़े लोगों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बिना वैध लाइसेंस या अनुमति के पटाखे बनाने, रखने और बेचने वालों पर भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों, एमएलसी चुनाव और एयर शो की सुरक्षा: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन, रावण दहन, रामलीला और भरत मिलाप सहित आगामी आयोजनों के लिए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, पार्किंग और यातायात डायवर्जन की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने को कहा गया। एमएलसी चुनाव एवं एयर शो के मद्देनजर अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ व्यापक सुरक्षा योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
एयर शो में प्रतिदिन लगभग 20 लाख लोगों के आगमन की संभावना को देखते हुए प्रवेश-निकास मार्गों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने पर जोर दिया गया। गंगा के दोनों तटों और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नावों में लाइफ जैकेट का उपयोग सुनिश्चित कराने तथा डीप-वाटर बैरिकेडिंग और जल पुलिस की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, विवेचना, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
