अनिल यादव मव‌ई अयोध्या
एम डी न्यूज

अयोध्या।पटरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में 23 वर्षीय युवती के साथ दिनदहाड़े छेड़छाड़ करने, जबरन मोबाइल नंबर देने का दबाव बनाने और विरोध करने पर हाथ पकड़कर घसीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता द्वारा दी गई औपचारिक शिकायत के आधार पर पुलिस ने गांव के ही आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। पटरंगा थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने बताया कि 15 अक्टूबर को घटित इस वारदात के बाद पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और शनिवार को उसके बयान दर्ज कराने हेतु सक्षम न्यायालय भेजा गया है।


पीड़िता के पिता की तहरीर के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे की है, जब उनकी तेईस वर्षीया पुत्री खेत में काम कर रही अपनी मां के लिए चाय व जलपान लेकर जा रही थी। मां गांव के ही एक व्यक्ति के ट्यूबवेल (इंजन) पर धान की थ्रेसिंग (कुटाई) का कार्य कर रही थीं। रास्ते में सुनसान जगह पाकर गांव के ही रहने वाले आरोपी रामबाबू ने युवती को जबरन रोक लिया और उस पर अपना फोन नंबर लेने का दबाव बनाने लगा।
जब युवती ने नंबर लेने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी ने दुस्साहस दिखाते हुए उसका हाथ पकड़ लिया और छेड़छाड़ की नीयत से उसे जबरन खींचने व घसीटने का प्रयास किया। किसी तरह खुद को छुड़ाकर बदहवास युवती रोते-बिलखते अपनी मां के पास पहुंची और आपबीती सुनाई। परिजनों ने तत्काल आपातकालीन पुलिस सेवा 112 को सूचना दी और पटरंगा थाने में लिखित तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई। प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने शनिवार, 17 अक्टूबर को स्पष्ट किया कि तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है तथा अदालत में बयान दर्ज कराने के उपरांत मामले के समस्त पहलुओं की विवेचना कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed