
जीआरपी ने 20 मिनट में छह वर्षीय बालक को खोजकर मां से मिलाया
वाराणसी। जीआरपी कैंट वाराणसी की पुलिस टीम ने तत्परता और सतर्कता दिखाते हुए रेलवे स्टेशन पर भीड़ में बिछड़े छह वर्षीय बालक को महज 15 से 20 मिनट के भीतर सकुशल खोजकर उसकी मां से मिला दिया। अपने बेटे को सुरक्षित पाकर मां ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
जीआरपी कैंट की ओर से 18 अक्टूबर को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गाजीपुर जिले के जमनिया क्षेत्र के मथारा गांव निवासी फरजाना ने पुलिस को सूचना दी कि उनका छह वर्षीय बेटा ओवैश वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर भीड़ में कहीं बिछड़ गया है।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के निर्देशन में पुलिस टीम ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी। उपनिरीक्षक सुनील कुमार गुप्ता और कांस्टेबल मंगलेश्वर ने स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, प्रवेश एवं निकास द्वार सहित अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।
तलाश के दौरान यात्री हॉल प्रथम में बच्चा मिल गया। पुलिस टीम उसे सुरक्षित थाने लेकर पहुंची, जहां उसकी मां फरजाना ने पहचान कर उसे अपना बेटा बताया। इसके बाद बच्चे को सकुशल मां के सुपुर्द कर दिया गया।
यह कार्रवाई रेलवे पुलिस के ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत की गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मां को राहत मिली और उन्होंने जीआरपी टीम की सराहना की।
बच्चे को खोजने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, उपनिरीक्षक सुनील कुमार गुप्ता और कांस्टेबल मंगलेश्वर शामिल रहे।
