MD न्यूज़ बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट श्रवण तिवारी
सीतापुर। जिले में मजदूरी करने गए तालगांव थाना क्षेत्र के भुलभूलिया गांव निवासी हीरालाल की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी लवलेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रविवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी की निशानदेही पर लहरपुर क्षेत्र में नाले के पास से शव के अवशेष बरामद किए। इसके बाद अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, हीरालाल 7 अक्टूबर को मजदूरी करने लहरपुर गया था। वहां लेबर अड्डे से अकैचनपुर निवासी लवलेश उसे काम के लिए अपने साथ ले गया। आरोप है कि खेत में पेड़ की डाल काटने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान लवलेश ने बांके से वार कर हीरालाल की हत्या कर दी और शव नाले में फेंककर फरार हो गया।
हीरालाल के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने 7 अक्टूबर की शाम तालगांव थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शनिवार शाम आरोपी लवलेश को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की।
