न्यूज़ बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट श्रवण तिवारी

सीतापुर के मिश्रिख तहसील क्षेत्र में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां शादी के 17 साल बाद पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ रहने की सहमति देते हुए विदा कर दिया। शनिवार शाम करीब 5 बजे तहसील परिसर में कागजी कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद पति अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को हनुमान मंदिर ले गया, जहां महिला ने प्रेमी के गले में जयमाल पहनाई। इसके बाद प्रेमी अपने साथ आए चार लोगों के साथ महिला को लेकर दिल्ली चला गया।


जानकारी के अनुसार, विपिन भार्गव प्राइवेट नौकरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी शादी 12 मार्च 2009 को रेखा भार्गव से हुई थी। रेखा इंटरमीडिएट तक पढ़ी है। शादी के बाद दोनों के दो बेटे हुए। बड़ा बेटा शिवम भार्गव 16 वर्ष का और छोटा बेटा रोहन भार्गव 14 वर्ष का है। परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था और विपिन अपनी पत्नी व बच्चों के साथ रह रहा था।
बताया जाता है कि रेखा को फिल्मी गानों पर रील बनाने का शौक था। वह इंस्टाग्राम और फेसबुक पर रील बनाकर पोस्ट करती थी। इसी दौरान फेसबुक के जरिए उसकी पहचान अंबेडकर नगर निवासी राहुल कुमार उपाध्याय से हुई। दोनों के बीच मैसेज के जरिए बातचीत शुरू हुई। बाद में मोबाइल नंबर साझा करने के बाद दोनों की लंबी बातचीत होने लगी और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं।
जानकारी के मुताबिक, राहुल अक्सर रेखा से मिलने मिश्रिख आने लगा था। इसी बीच एक दिन रेखा अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चलने पर विपिन ने थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी।
करीब 22 दिन बाद बुधवार, 14 अक्टूबर को रेखा घर लौटी। विपिन ने उससे पूछताछ की तो उसने राहुल के साथ अपने संबंधों के बारे में बताया। रेखा ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह राहुल के साथ रहना चाहती है। इसके बाद विपिन ने उसकी इच्छा का विरोध नहीं किया और राहुल को मिश्रिख बुलाया गया। राहुल ने भी रेखा के साथ रहने की बात कही।
शनिवार शाम मिश्रिख तहसील परिसर में आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद विपिन अपनी पत्नी रेखा और राहुल को हनुमान मंदिर ले गया। वहां रेखा और राहुल ने एक-दूसरे को जयमाल पहनाई। इस दौरान विपिन भी मौजूद रहा। जयमाल के बाद राहुल अपने साथ आए चार लोगों के साथ रेखा को लेकर दिल्ली चला गया।
विपिन का कहना है कि अब उसका रेखा से कोई लेना-देना नहीं है और वह अपने दोनों बेटों के साथ खुश है। इस घटनाक्रम की चर्चा क्षेत्र में हो रही है।

5 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *