बहुयामी समाचार पत्र एम डी न्यूज़ से वाइस ब्यूरो चीफ अखिलेश राजपूत की खास रिपोर्ट!

कन्नौज। मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत सोमवार को थाना इंदरगढ़ पुलिस की टीम ने क्षेत्र के गांव भुजरिया स्थित ईंट-भट्ठे पर पहुंचकर श्रमिक परिवारों को महिला सुरक्षा, नारी सम्मान और बाल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस दौरान पुलिस टीम ने बच्चों को कॉपी-किताबें एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। साथ ही बच्चों और उनके परिवारों को खाने-पीने का सामान भी उपलब्ध कराया गया। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, दुर्व्यवहार या असुरक्षा की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि पुलिस की सहायता लें।

उन्होंने महिलाओं को बिना किसी भय के अपनी शिकायत दर्ज कराने और जरूरत पड़ने पर महिला हेल्पलाइन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस टीम ने श्रमिक परिवारों को बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा के महत्व के बारे में भी बताया। अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराएं। बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित कर नियमित रूप से विद्यालय जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके अलावा पुलिसकर्मियों ने साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी देते हुए अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी। आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए यूपी-112, महिला सुरक्षा के लिए 1090, महिला हेल्पलाइन 181 और बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। थाना प्रभारी विनोद कुमार कश्यप के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिक परिवारों तक महिला सुरक्षा एवं बाल संरक्षण से जुड़ी जानकारी पहुंचाना और बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर कांस्टेबल जितेंद्र बघेल, महिला कांस्टेबल रंजना, प्रियांशु, नीरज, प्रियंका राजपूत, रिया सेन और निशु सहित मिशन शक्ति टीम के सदस्य मौजूद रहे।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *