रिपोर्टर अमित कुमार
एमडी न्यूज़
पुलिस अधीक्षक बाराबंकी श्रीमती रवीना त्यागी द्वारा शारदीय नवरात्र दुर्गा पूजा एवं मूर्ति विसर्जन दशहरा आदि के दृष्टिगत पुलिस बल के साथ थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत स्थित दशहरा बाग एवं आवास विकास के प्रमुख मूर्ति पूजा पण्डालों का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान पण्डाल आयोजकों एवं पूजा समितियों के सदस्यों से सुरक्षा प्रबंधों श्रद्धालुओं के आवागमन व दर्शन की व्यवस्था पर चर्चा की गई तथा सभी पण्डालों में सीसीटीवी कैमरे अग्निशमन उपकरण एवं वॉलंटियर्स की तैनाती सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पण्डालों के आसपास के मार्गों विद्युत व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन के उपायों का भी बारीकी से जायजा लिया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी से सतर्क रहकर असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। बाराबंकी पुलिस द्वारा स्थानीय आमजन एवं पूजा समितियों से अपील की गई कि वे त्योहार को पूर्ण सौहार्द व शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल 112 को दें।
