
कैंट रेलवे स्टेशन पर 10.8 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ तस्करी का आरोपी गिरफ्तार
काले बैग से बरामद हुए 60 पाउच, कीमत करीब 7,800 रुपये
वाराणसी। रेलवे स्टेशन पर अवैध शराब की तस्करी और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान जीआरपी कैंट पुलिस ने एक व्यक्ति को 60 पाउच अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कुल मात्रा 10.8 लीटर और अनुमानित कीमत 7,800 रुपये बताई गई है।
जीआरपी कैंट पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को रेलवे पुलिस के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के निर्देशन में उपनिरीक्षक सुनील कुमार गुप्ता अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक की पटरी के दक्षिण तरफ पानी की टंकी के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके काले रंग के पिट्ठू बैग से ओरिजिनल व्हिस्की के 60 पाउच बरामद हुए। प्रत्येक पाउच में 180 एमएल शराब थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शराब से संबंधित वैध प्राधिकार प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद शराब में से दो पाउच नमूने के लिए अलग कर सील किए गए, जबकि शेष 58 पाउच को बैग सहित सील कर नियमानुसार दाखिल किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजनीश कुमार सिंह (42) पुत्र पारस नाथ सिंह, निवासी ग्राम मगुरहा, थाना राजेपुर, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार के रूप में हुई है। इस मामले में जीआरपी कैंट वाराणसी थाने में मुकदमा संख्या 333/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में अभियोग दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली टीम: प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, उपनिरीक्षक सुनील कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल हेमंत कुमार, हेड कांस्टेबल राहुल सिंह, कांस्टेबल सुरजेश यादव और सीआईबी बीएसबी के कांस्टेबल सतीश यादव शामिल रहे।
