संवाददाता रामानंद सागर
एमडी न्यूज़
बाराबंकी रामनगर गोण्डा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित डुबकी मोड़ के पास बीती मध्य रात्रि हुए सड़क हादसे में पिता और चार वर्षीय मासूम पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि पिता का शव घटनास्थल से करीब 100 मीटर तक घिसटता चला गया। मृतक की साइकिल का भी पता नहीं चल सका। हादसे में फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करीमाबाद मजरे सैदनपुर निवासी ननकू (35) और उसके चार वर्षीय पुत्र अंकुश की जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, ननकू रविवार को अपने चार वर्षीय पुत्र अंकुश के साथ रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सिरौली कला में अपनी चचेरी बहन के यहां आयोजित मुंडन संस्कार में शामिल होने आया था। देर रात कार्यक्रम में खाना खाने के बाद वह बेटे के साथ साइकिल से डुबकी गांव में अपने फूफा सुमिरन के घर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान हाईवे पार करते समय अज्ञात वाहन ने पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई।

सूचना मिलने पर मसौली थाना प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पत्नी अनीता ने बताया कि मुंडन कार्यक्रम में खाना खाने के बाद पति ने रात में घर आने की बात कही थी, लेकिन वह बेटे के साथ अपने फूफा के घर जाने के लिए निकल गए। उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनके परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लेगा।
ननकू अपने पीछे पत्नी अनीता और तीन बच्चों को छोड़ गया है। परिवार में छह वर्षीय बेटी शिल्पी, चार वर्षीय बेटा अंकुश और एक वर्षीय बेटी रागिनी थी। हादसे में इकलौते बेटे अंकुश की भी मौत हो गई। पिता-पुत्र की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी अनीता और दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है।
