वाराणसी सहायक ब्यूरो संवादाता सलीम जावेद
वाराणसी। आगामी एयर शो को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सोमवार को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने एयरफोर्स के अधिकारियों के साथ विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने नमोघाट, वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल, कंटिंजेंसी रूट, बसंता कॉलेज पार्किंग, राजघाट और भैंसासुर घाट का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग और आवागमन से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वीवीआईपी रूट और वैकल्पिक मार्गों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने वाले मार्गों और वैकल्पिक एवं आपातकालीन मार्गों की व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि एयर शो के दौरान वीवीआईपी आवागमन के साथ-साथ आमजन और दर्शकों की आवाजाही भी सुगम बनी रहे। इसके लिए सभी मार्गों की व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।

यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने पर जोर
एयर शो के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को यातायात संचालन की व्यवस्था दुरुस्त रखने, आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती करने और लोगों के आवागमन को व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
पार्किंग और बैरिकेडिंग की व्यवस्थाओं की समीक्षा
पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने बसंता कॉलेज पार्किंग सहित निर्धारित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग और पार्किंग स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों की व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही कार्यक्रम स्थल और घाटों के आसपास आवश्यकतानुसा7र बैरिकेडिंग कराने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

घाटों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के निर्देश
नमोघाट, राजघाट और भैंसासुर घाट पर लोगों की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ के सुव्यवस्थित संचालन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं और दर्शकों की आवाजाही को व्यवस्थित रखा जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
पुलिस प्रशासन और एयरफोर्स के बीच समन्वय पर जोर
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि एयर शो के सफल आयोजन के लिए पुलिस, जिला प्रशासन और एयरफोर्स के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और वैकल्पिक मार्गों से संबंधित तैयारियों को समय से पूरा करने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ दर्शकों और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि एयर शो का आयोजन सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
