विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह समेत गणमान्य लोगों ने रखीं पांच ईंटें, मंदिर और भूमि विवाद पर पंचायत में तय हुए पांच बिंदु

गोवर्धन, मथुरा। गोवर्धन क्षेत्र के आने और गांव में स्थित प्राचीन बांके बिहारी मंदिर का पुनर्निर्माण मंगलवार को भूमि पूजन के साथ शुरू हो गया। मंदिर और उससे जुड़ी भूमि को लेकर चल रहे विवाद के बीच ग्रामीणों के पांच दिवसीय धरने के बाद सहमति बनने पर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस दौरान विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह, कुंवर नरेंद्र सिंह, मनीष लंबरदार, श्री राजपूत करणी सेना के जिला प्रभारी ठाकुर मोहन श्याम सिंह एवं कोषाध्यक्ष ठाकुर लक्ष्मी नारायण ने पांच ईंटें रखकर निर्माण कार्य की शुरुआत की। पंडित सचिन ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन संपन्न कराया।

मंदिर का निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। मंदिर एवं उससे लगी भूमि के विवाद के समाधान के लिए मथुरा स्थित अवागढ़ हाउस में पंचायत आयोजित की गई थी। कुंवर नरेंद्र सिंह के निर्देश पर हुई इस पंचायत में पांच बिंदुओं पर सहमति बनी, जिसके बाद पांच दिन से चल रहा धरना समाप्त कर दिया गया।

पंचायत में इन बिंदुओं पर बनी सहमति

सहमति के अनुसार, बांके बिहारी लाल मंदिर का निर्माण आगरा निवासी प्रदीप कंसल कराएंगे। वहीं, शिवजी और हनुमानजी के मंदिरों का निर्माण ग्रामवासी आपसी सहयोग एवं चंदे से करेंगे। मंदिर परिसर से लगी भूमि पर आगरा के व्यापारी बंधुओं का कोई अधिकार नहीं रहेगा, हालांकि उनके आवागमन पर रोक नहीं होगी। इसके अलावा मंदिर के पुजारी की नियुक्ति भी ग्रामवासियों की सहमति से की जाएगी।

पांच दिन तक चले धरने को ग्रामीणों के साथ व्यापारी नेताओं और सेवकों का भी समर्थन मिला। सहमति बनने के बाद धरना समाप्त हुआ और अब मंदिर का पुनर्निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

इस अवसर पर ठाकुर परशुराम सिंह, बाबा गंगादास, मुकेश प्रधान, पवन मुखिया, भूरा पहलवान, डॉ. भोला, डॉ. जीतू ठाकुर, सनी दीवान, रवि, सूरज, देवराज, जीतू, अन्ने, बाबू, वीरू, राकेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समर्थक मौजूद रहे।

रिपोर्ट: कैलाश सिंह यदुवंशी

0 views

By MD_News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *