चौमुंहा (मथुरा)। रिपोर्ट: कैलाश सिंह यदुवंशी

जनपद मथुरा के विकासखंड चौमुंहा के ग्राम पाली में श्मशान भूमि की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, श्मशान भूमि की बाउंड्रीवॉल के अंदर भेड़-बकरियां रखी जा रही हैं, जिसके चलते परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सार्वजनिक उपयोग के इस महत्वपूर्ण स्थल की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बताई जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान भूमि के मुख्य गेट से लेकर अंदर तक गंदगी फैली हुई है। परिसर में लगे पेड़-पौधों और बैठने के लिए बनाई गई सीटों की स्थिति भी खराब बताई जा रही है। ऐसे में अंतिम संस्कार के लिए पहुंचने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान द्वारा बार-बार कहने के बावजूद भेड़-बकरी पालक परिसर के अंदर पशु रखना बंद नहीं कर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि सार्वजनिक उपयोग की इस भूमि की देखरेख और साफ-सफाई की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा?

जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी पर उठे सवाल

श्मशान भूमि जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक जगह पर पशु रखे जाने और गंदगी फैलने की शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर श्मशान भूमि का निरीक्षण करें और परिसर को अतिक्रमण व गंदगी से मुक्त कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।

अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी ग्राम पाली की श्मशान भूमि की बदहाल स्थिति को लेकर कब तक कार्रवाई करते हैं और ग्रामीणों को इस समस्या से कब राहत मिलती है।
स्थान: ग्राम पाली, विकासखंड चौमुंहा, जनपद मथुरा।

रिपोर्टर: कैलाश सिंह यदुवंशी

0 views

By MD_News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *