₹1,21,000 की कुश्ती बराबरी पर छूटी, महिला पहलवान पूनम ने भी दर्ज की जीत

छाता (मथुरा)। जनपद मथुरा के ऐतिहासिक कस्बा छाता में चतुर्भुज दंगल कमेटी के तत्वावधान में छाता कोतवाली के निकट मैदान में भव्य विराट कुश्ती दंगल एवं मेले का आयोजन किया गया। दंगल में देश के विभिन्न प्रांतों से पहुंचे नामी-गिरामी पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेंच और दमखम का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए मैदान में खेलप्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी।

दंगल के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट गन्ना मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण रहे। उनके प्रतिनिधि के रूप में नरदेव चौधरी कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे। इस दौरान मनोज फौजदार एवं महेंद्र सिंह सहित अन्य अतिथियों का दंगल कमेटी के पदाधिकारियों और आयोजकों ने फूल-मालाएं पहनाकर तथा पगड़ी बांधकर स्वागत एवं सम्मान किया।

₹1,21,000 की कुश्ती बराबरी पर छूटी

दंगल का मुख्य आकर्षण हरकेश और विक्रम पहलवान के बीच हुई ₹1,21,000 की कुश्ती रही, जो बराबरी पर छूटी। वहीं भारत पहलवान और युधिष्ठिर पहलवान के बीच भी एक लाख रुपये की कुश्ती का मुकाबला असमंजस की स्थिति में रहा। आयोजकों की ओर से भारत पहलवान को ₹10,000 तथा युधिष्ठिर पहलवान को ₹21,000 की इनामी राशि दिए जाने की जानकारी सामने आई।

महिला पहलवान पूनम ने मारी बाजी

दंगल में महिला पहलवानों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पैगांव की महिला पहलवान पूनम ने ₹3,100 की कुश्ती जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। महिला पहलवान के मुकाबले को भी दर्शकों ने उत्साह के साथ देखा।

आयोजकों ने बताया कि ब्रज क्षेत्र की पारंपरिक कुश्ती कला और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के उद्देश्य से हर वर्ष इस दंगल का आयोजन किया जाता है। इसमें दूर-दराज के क्षेत्रों से पहलवान पहुंचकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। दंगल के दौरान हुए रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक मैदान में बांधे रखा।

ये गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान कुश्ती संघ से जुड़े कमल किशोर वार्ष्णेय, फाल्गुन उर्फ कान्हा, बॉबी प्रधान, धर्मवीर प्रधान छैला, जीतू, परसोत्तम चौधरी, सूरजपाल यदुवंशी, अर्जुन, मोहनश्याम चौधरी, सुरेंद्र एडवोकेट, जगदीश प्रधान, सुलेमान पहलवान, तनवीर आलम, झम्मन, राजू भार्गव, हरबंस, हरे कृष्ण चौधरी, राजू, सतपाल, कमल किशोर, मनोज चौधरी, सुधीर चौधरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, दंगल कमेटी के सदस्य और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

मथुरा जिले के छाता से कैलाश सिंह यदुवंशी की रिपोर्ट

7 views

By MD_News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *