गोवर्धन (मथुरा)। पवित्र धाम गोवर्धन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तत्वावधान में ब्रज प्रांत के स्वयंसेवकों का भव्य पथ संचलन आयोजित किया गया। करीब 12 किलोमीटर लंबे गिरिराज परिक्रमा मार्ग पर निकले इस संचलन में विभिन्न जिलों से आए हजारों स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। घोष दल की मधुर एवं लयबद्ध धुनों के बीच पूर्ण गणवेश में कदम से कदम मिलाकर चलते स्वयंसेवकों ने अनुशासन का परिचय दिया।

पथ संचलन के दौरान गोवर्धन के प्रमुख मार्गों और परिक्रमा क्षेत्र में उत्साहपूर्ण माहौल दिखाई दिया। जगह-जगह स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों और नगरवासियों की ओर से पुष्पमालाएं पहनाई गईं। साथ ही स्वयंसेवकों के लिए जल सेवा और जलपान की व्यवस्था भी की गई। संचलन को देखने के लिए बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में लोग मार्ग के किनारे मौजूद रहे।

घोष दल की धुनों ने खींचा लोगों का ध्यान

पथ संचलन में संघ के घोष दल की विशेष भूमिका रही। घोष पथक के स्वयंसेवकों ने आनक, पणव, वंश, श्रृंग और झाल जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों के माध्यम से लयबद्ध वादन किया। घोष की धुनों के बीच एक साथ कदमताल करते स्वयंसेवकों का दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। परिक्रमा मार्ग पर गूंजती वाद्य यंत्रों की ध्वनि ने आयोजन को विशेष स्वरूप प्रदान किया।

ब्रज प्रांत के विभिन्न जिलों से पहुंचे स्वयंसेवक

इस पथ संचलन में मथुरा, गोवर्धन, वृंदावन, छाता, कोसीकलां, आगरा, फतेहपुर सीकरी, बाह, एत्मादपुर, अलीगढ़, खैर, अतरौली, इगलास, बरेली, आंवला, नवाबगंज, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, टुंडला सहित मैनपुरी, एटा, कासगंज, हाथरस, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत क्षेत्रों से स्वयंसेवकों के शामिल होने की जानकारी दी गई। विभिन्न क्षेत्रों से आए स्वयंसेवकों ने एक साथ संचलन में भाग लिया।

अनुशासन और संगठन का संदेश

कार्यक्रम के समापन पर संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने पथ संचलन को अनुशासन, बंधुत्व और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ा आयोजन बताया। गोवर्धन की धार्मिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के बीच आयोजित इस संचलन के दौरान जगह-जगह हुए स्वागत ने कार्यक्रम को विशेष पहचान दी।

बाइट: महावीर जी, शारीरिक प्रमुख (सफेद मूंछ)

बाइट: विजय बंटा, महानगर कार्यवाह

रिपोर्ट: कैलाश सिंह यदुवंशी

2 views

By MD_News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *