फूलपुर में 70 वर्षों से चली आ रही रामलीला का समापन, रावण दहन के साथ सत्य की हुई विजय

विजयदशमी मेले में उमड़ी भीड़, श्रीराम-सीता मिलन के साक्षी बने श्रद्धालु

फूलपुर, वाराणसी। फूलपुर ग्रामसभा में 70 वर्षों से चली आ रही प्रभु श्रीराम की रामलीला का समापन विजयदशमी मेले के साथ हुआ। नवरात्र के पावन पर्व पर पंचमी तिथि से प्रारंभ हुई रामलीला में शरद पूर्णिमा के अवसर पर प्रभु श्रीराम ने लंकापति रावण का वध किया। इसके बाद रावण दहन किया गया और माता सीता व प्रभु श्रीराम का मिलन हुआ। इस आयोजन ने असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया।
विजयदशमी मेले में ग्रामसभा के लोगों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले में बच्चों ने विभिन्न आकर्षणों का आनंद लिया, वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने रामलीला का मंचन देखकर भगवान श्रीराम की लीलाओं का स्मरण किया। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।
रामलीला के सफल आयोजन पर ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं ने रामलीला समिति फूलपुर के सदस्यों का आभार जताया और वर्षों पुरानी इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए समिति की सराहना की।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *