
पलहीपट्टी बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष बने जितेंद्र तिवारी, प्रेमचंद्र गुप्ता को मिली संरक्षक की जिम्मेदारी
व्यापारियों ने अंगवस्त्र पहनाकर किया सम्मानित, संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
वाराणसी। पलहीपट्टी बाजार में उद्योग व्यापार मंडल की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से जितेंद्र तिवारी को पलहीपट्टी बाजार व्यापार मंडल का निर्विरोध अध्यक्ष तथा प्रेमचंद्र गुप्ता को संरक्षक चुना गया। पदाधिकारियों के निर्वाचन की घोषणा होते ही उपस्थित व्यापारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच दोनों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बैठक में उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष शुभम कुमार सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन यादव तथा जिला उपाध्यक्ष भगवती शर्मा ने संगठन को मजबूत बनाने और व्यापारियों को एकजुट रहने का आह्वान किया। इस दौरान जितेंद्र तिवारी के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर उपस्थित व्यापारियों ने सर्वसम्मति से सहमति जताई। इसके बाद उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी ने सभी व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, उनके हितों की रक्षा और पलहीपट्टी बाजार के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी व्यापारियों से सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी विकास श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष शुभम कुमार सिंह और जिला उपाध्यक्ष भगवती शर्मा ने कहा कि व्यापारियों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। सभी व्यापारी एक मंच पर रहकर कार्य करेंगे तो उनकी समस्याओं का समाधान प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि संगठन का विस्तार करते हुए जल्द ही अन्य पदों पर भी योग्य व्यापारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों सहित उपस्थित व्यापारियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया गया। बैठक में व्यापारियों ने संगठन को सक्रिय, सशक्त और एकजुट बनाने का संकल्प लिया।
