
रिपोर्टर कौशल थाना मनकापुर जिला
Md News बहुआयामी समाचार
बलरामपुर/रेहरा बाजार – रेहरा बाजार विकास खंड के ग्राम पंचायत जिगनी के कोटेदार प्रदीप कुमार पर खाद्यान्न की कालाबाजारी का गंभीर आरोप लगा है। जांच में 198.42 कुंटल गेहूं-चावल के स्टॉक में गड़बड़ी मिलने पर सादुल्ला नगर थाने में कोटेदार के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
ग्रामीणों ने लंबे समय से कोटेदार पर राशन वितरण में अनियमितता और कम अनाज देने की शिकायत की थी। शिकायत के बाद पूर्ति विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर अभिलेखों की जांच की और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए।
जांच में पाया गया कि कोटेदार ने सरकारी गेहूं और चावल को बाजार में बेच दिया है। प्रारंभिक जांच में 198.42 कुंटल खाद्यान्न की कमी पाई गई। रिपोर्ट के आधार पर पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर सादुल्ला नगर थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मौके पर जांच करने पहुंची टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया और अपनी समस्याएं बताईं। अधिकारियों ने कागजातों की जांच कर पंचनामा तैयार किया।
पूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को भेजी जा रही है, जिसके बाद कोटे के निरस्तीकरण और वसूली की कार्रवाई भी की जाएगी।
