
संवाददाता-जितेंद्र ठाकुर उत्तर प्रदेश सहायक ब्यूरो प्रमुख
मथुरा। जिला कांग्रेस कमेटी के सेठबाड़ा स्थित कार्यालय पर शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मथुरा पर्यवेक्षक आबिद कश्मीरी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्हें देशद्रोही बताया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को तत्काल स्थगित करने की मांग की। प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर, पूर्व मंत्री पंडित श्याम सुंदर शर्मा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता यामिनी रमन आचार्य मौजूद रहे।
आबिद कश्मीरी ने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना लोकतंत्र की बुनियाद है। कांग्रेस लंबे समय से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, फर्जी एवं दोहरे पंजीकरण और चुनावी आंकड़ों की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठा रही है। इन मुद्दों का समाधान राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तथ्यों और सत्यापन योग्य आंकड़ों के आधार पर होना चाहिए।
उन्होंने राहुल गांधी की ओर से प्रस्तुत किए गए साक्ष्यों का हवाला देते हुए महाराष्ट्र में वर्ष 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच 39 लाख नए मतदाता जुड़ने का दावा किया। कश्मीरी ने बेंगलुरु सेंट्रल के महादेवपुरा क्षेत्र में कथित दोहरे पंजीकरण और फार्म-6 के दुरुपयोग से संबंधित आरोपों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा और कर्नाटक के आलंद में भी मतदाता सूची से नाम हटाने के प्रयासों को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
कश्मीरी ने मांग की कि चुनाव आयोग मतदाता सूची का पूरा डाटा डिजिटल और मशीन-पठनीय प्रारूप में उपलब्ध कराए, ताकि राजनीतिक दल और नागरिक स्वतंत्र रूप से उसकी जांच कर सकें। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से नाम हटाए जाने पर चिंता जताते हुए कहा कि किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
कांग्रेस की प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा, एसआईआर पर रोक, हटाए गए नामों की बहाली, मतदाता सूची की स्वतंत्र जांच, बदलावों का खुलासा और नाम हटाने से पहले लिखित सूचना देना शामिल है। उन्होंने प्रभावित नागरिकों को अपील का निष्पक्ष अवसर देने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का अभियान है। प्रेसवार्ता का संचालन जिला महासचिव मनोज गौड़ ने किया। इस दौरान विक्रम वाल्मीकि, राजन पाठक, आदित्य तिवारी, केके गौतम, बालवीर प्रधान, पुनीत बघेल, रवि वाल्मीकि, रमेश कश्यप, प्रवीण ठाकुर, गीता दिवाकर सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
