एमडी न्यूज राष्ट्रीय शिकायत निवारण अधिकारी – अजीत यादव

नवाबगंज (गोंडा)। नवाबगंज थाना क्षेत्र के हरिवंशपुर गांव के चकमखा मजरे में मंगलवार रात एक 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार भोर में युवती का शव घर के सामने स्थित अमरूद के पेड़ की डाल से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिवंशपुर गांव के चकमखा निवासी जगत की बेटी मधू (20) मंगलवार रात परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भोजन करने के बाद सोने चली गई थी। परिवार के लोगों को रात में किसी अनहोनी की जानकारी नहीं हुई। बुधवार सुबह करीब पांच बजे जब परिजन सोकर उठे तो घर के सामने लगे अमरूद के पेड़ से मधू का शव लटका देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की खबर फैलते ही गांव के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। युवती की मौत से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ने बताया कि युवती की मौत की सूचना मिली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *