बसपा को झटका, पूर्व प्रत्याशी रामनारायण निषाद समर्थकों संग सपा में शामिल
जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में सपा ने बढ़ाई राजनीतिक सक्रियता, निषाद समुदाय में पैठ मजबूत करने की कोशिश
बकेवर/फतेहपुर28अक्टूबर । बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को फतेहपुर में झटका लगा है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में 238-जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र से बसपा के प्रत्याशी रहे रामनारायण निषाद ने अपने समर्थकों और साथियों के साथ पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी (सपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके सपा में शामिल होने से जिले की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने रामनारायण निषाद का पार्टी का पारंपरिक गमछा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल कराया गया। उनके साथ आए समर्थकों ने भी समाजवादी पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इससे पहले सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष को पत्र भेजकर रामनारायण निषाद और उनके साथियों को पार्टी में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी करने का अनुरोध किया था। इसके बाद जिला कार्यालय में उनके पार्टी में शामिल होने का औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।रामनारायण निषाद के सपा में आने को जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निषाद समुदाय में उनकी राजनीतिक पहचान को देखते हुए सपा को इस क्षेत्र में अपना जनाधार मजबूत करने की उम्मीद है। हालांकि, इसका आगामी चुनावों पर कितना असर पड़ेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और मीडियाकर्मी मौजूद रहे।

