
रिपोर्टर अनिल यादव
एम डी न्यूज बहुआयामी समाचार
अयोध्या। विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ रुदौली का सियासी माहौल गरमाने लगा है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव मोहम्मद अली को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से दूसरी बार मुलाकात का बुलावा मिलने की चर्चा ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। लगातार तीसरी बार विधानसभा टिकट की दावेदारी कर रहे मोहम्मद अली की सक्रियता को आगामी चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
पार्टी कार्यालय से दोबारा बुलावा आने और मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव की ओर से उनकी पीठ थपथपाए जाने की तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद समर्थकों में उत्साह बढ़ा है। हालांकि, इसे प्रत्याशी चयन का संकेत मानना अभी जल्दबाजी होगी। रुदौली सीट पर पार्टी नेतृत्व का अंतिम निर्णय फिलहाल प्रतीक्षित है।
मोहम्मद अली करीब 20 वर्षो से समाजवादी पार्टी में सक्रिय हैं। संगठन के विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभाने के बाद वर्तमान में प्रदेश सचिव के रूप में कार्यरत हैं। समर्थक उनके लंबे राजनीतिक अनुभव, जनसंपर्क और संगठन के प्रति सक्रियता को दावेदारी का आधार बता रहे हैं। जिला पंचायत की रुदौली द्वितीय सीट पर भी उनकी सक्रियता चर्चा में रहती है। समर्थकों के अनुसार, करीब 15 वर्षों से इस क्षेत्र में उनका प्रभाव बना हुआ है।
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में फैजाबाद संसदीय क्षेत्र से अवधेश प्रसाद की जीत के दौरान मोहम्मद अली की संगठनात्मक सक्रियता का भी उल्लेख किया जा रहा है। बूथ प्रबंधन और चुनावी गतिविधियों में उनकी भागीदारी को समर्थक उनकी राजनीतिक पूंजी मानते हैं। रुदौली विधानसभा सीट से तीसरी बार दावेदारी के बीच उनकी गतिविधियों पर राजनीतिक हलकों की नजर है। इंटरनेट मीडिया पर भी संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2027 के चुनाव के लिए रुदौली से उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। ऐसे में मोहम्मद अली की मुलाकात और बढ़ती सक्रियता ने टिकट की अटकलों को हवा दे दी है।
