12 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित हुई परीक्षा, डीएम और एसपी ने निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रिपोर्ट संदीप धुरिया
जिला जालौन
जालौन। जनपद में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के दूसरे दिन की परीक्षा शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में दोनों पालियों को मिलाकर कुल 7,007 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे।
परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली और केंद्रों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की स्थिति का परीक्षण किया। इसके साथ ही परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी जानकारी ली।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए।
प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, दूसरे दिन प्रत्येक पाली में 4,992 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 3,519 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,473 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पाली में 70.49 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। वहीं दूसरी पाली में 3,488 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 1,504 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति का प्रतिशत 69.87 रहा।
इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 9,984 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7,007 ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रियता के चलते जनपद में दूसरे दिन की परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सकुशल संपन्न हो गई।



